

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : रेलपार इलाके के धादका एडीडीए काॅलोनी के ओके रोड मोड़ के पास बालू और पत्थर (गिट्टी) रखने का स्टाॅक स्थल बना दिया गया है। झारखंड आदि राज्यों से काफी मात्रा में डंपर और ट्रकों द्वारा बालू और पत्थर लाकर जमा कर रखा जाता है। शिल्पांचल व इसके आसपास के क्षेत्रों में अधिक दर पर ट्रैक्टरों द्वारा लोगों को इसकी आपूर्ति की जाती है। उक्त निर्माण सामग्री बेचने वाले इसके पहले सुगम पार्क के पश्चिम गेट के पास बालू जमा कर रखते थे। विरोध करने के बाद वहां बंद कर अब डाॅ. बीसी राय अप और डाउन रोड के बीच इंडियन ऑयल की पाइप गुजरने वाली खाली जगह पर काफी मात्रा में पत्थर और बालू जमा किया जाता है। लोगों का कहना है कि बालू और पत्थर का काला कारोबार अब सरकारी जमीन पर खुलेआम किया जा रहा है। प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए।