

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माणों को लेकर एक विशेष प्रशासनिक बैठक की गई। इस दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल नेता बताया कि नोटिस जारी होने के बावजूद अगर प्रशासन के बुलावे पर हाजिर नहीं हुए, तो अब कोई रियायत नहीं मिलेगी। अवैध रूप से बनाए गए आवासों को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। दुर्गापुर में खड़े होकर अवैध आवास निर्माण करने वालों को राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कड़ी चेतावनी दी। दुर्गापुर नगर निगम चुनाव से पहले शहर के विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने दुर्गापुर नगर निगम में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक की है। इस बैठक में शहर के विभिन्न विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। इसी दौरान अवैध आवास निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन लोगों ने अवैध रूप से आवासों का निर्माण किया है। उन्हें प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया है। वही लेकिन नोटिस मिलने के बाद भी यदि वे प्रशासन के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो संबंधित अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध निर्माण के अलावा शहर की नागरिक सुविधाओं को लेकर भी बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। पेयजल की समस्या, बदहाल निकासी व्यवस्था और कचरा प्रबंधन जैसे विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। वहीं जिन इलाकों में अभी तक पेयजल की सुविधा नहीं पहुंची है, वहां जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन मंत्री ने दिया। वहीं, जिन क्षेत्रों में नालियों की स्थिति खराब है, वहां नालियों की मरम्मत और आवश्यकता पड़ने पर नई निकासी नालियों के निर्माण का भी आश्वासन दिया गया।
इस दिन शहर की कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कचरा उठाने वाली 10 गाड़ियों का उद्घाटन किया। उम्मीद है कि इन गाड़ियों के माध्यम से शहर में नियमित रूप से कचरा उठाने और साफ-सफाई की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। मंत्री ने बताया कि तेल चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए इन गाड़ियों को बैटरी चालित किया जाएगा। इस प्रशासनिक बैठक में जिलाधिकारी पोन्नमबलम एस, नगर निगम के कमिश्नर अबुल कलाम आजाद इस्लाम, विधायक चंद्रशेखर बनर्जी और विधायक लखन घोरूई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।