

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पुलिस पर गोली चलाकर फरार हुए आसनसोल के कुख्यात अपराधी प्रताप दास उर्फ पाऊ का 24 घंटे बीत जाने के बावजूद गुरुवार शाम तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर साढ़े 3 से 4 बजे के बीच हीरापुर थाना अंतर्गत इस्माइल के आम बागान स्थित उसके घर पर छापेमारी करने पुलिस टीम पहुंची थी। पुलिस को देखते ही प्रताप ने पुलिस पर गोली चला दी और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के बाद बुधवार रातभर पुलिस की विभिन्न टीमों ने प्रताप की तलाश में आसनसोल सहित पूरे औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के जिलों में सघन अभियान चलाया। आसनसोल के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों पर पुलिस ने नाका चेकिंग की। सभी प्रकार के वाहनों को रोककर चालकों और यात्रियों से पूछताछ की गई। संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली गई। इधर इस्माइल स्थित प्रताप के घर के सामने पुलिस तैनात कर दी गई है, ताकि वह दोबारा घर लौटे तो उसे पकड़ा जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि प्रताप के ठिकाने का पता लगाया जा सके। हालांकि, अब तक उनसे पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
क्या है मामला?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रताप दास के खिलाफ आसनसोल साउथ थाना सहित विभिन्न थानों में करीब 20 मामले दर्ज हैं। हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और मारपीट जैसे गंभीर मामलों में वह पहले भी जेल जा चुका है। इसी वजह से उसे कई बार पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन हर बार जमानत पर बाहर आकर वह फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो जाता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रताप को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उसके सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उसके करीबियों पर भी नजर रखी जा रही है।