अवसरवादियों के लिए भाजपा में जगह नहीं : इंद्रसेन राय

संवाददाताओं को संबोधित करते भाजपा नेता इंद्रसेन राय
संवाददाताओं को संबोधित करते भाजपा नेता इंद्रसेन राय
Published on

अंडाल : सिदुली में आयोजित भाजपा रानीगंज मंडल 3 की महत्वपूर्ण बैठक में सांगठनिक मजबूती और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर पर चर्चा किया गया। बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष इंद्रसेन राय ने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव परिणाम के बाद पार्टी में शामिल होने के लिए लालायित अवसरवादियों के लिए भाजपा के दरवाजे बंद हैं। मीडिया से मुखातिब होते हुए इंद्रसेन राय ने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद इलाके में हुई हिंसा की घटनाओं में भाजपा का कोई हाथ नहीं है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के ही कुछ गुट भगवा गुलाल लगा 'गेरुआ चोला' ओढ़कर अपने ही पार्टी के दूसरे गुटों पर अत्याचार कर रहे हैं, ताकि भाजपा को बदनाम किया जा सके। राय ने चेतावनी दी कि पार्टी इस तरह की अराजकता और स्वार्थ की राजनीति को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

अनुशासन सर्वोपरि

मंडल अध्यक्ष ने पार्टी के भीतर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि भाजपा का कोई भी पदाधिकारी या सदस्य ऐसे विवादित और स्वार्थी तत्वों को प्रश्रय देता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला एवं राज्य नेतृत्व के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में किसी भी नए व्यक्ति को दल में शामिल करने पर पूर्ण प्रतिबंध है।

कार्यकर्ताओं के संघर्ष को नमन

पुराने कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इंद्रसेन राय भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "हमारे पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का झंडा बुलंद रखा है। उन्होंने जो अत्याचार और हमले सहे हैं, उसकी कल्पना मात्र से रूह कांप जाती है। उनकी निष्ठा की बदौलत ही पार्टी आज इस मुकाम पर है।" इस अवसर पर शक्ति केंद्र प्रमुख हरिश्चंद्र यादव, दीपक शर्मा, पूलक सिंह और विद्यासागर कर्मकार सहित स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मंडल अध्यक्ष के इस निर्णय और कड़े रुख का समर्थन किया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in