निजी प्लांट में नियुक्ति को लेकर तृणमूल दो गुट आये आमने-सामने

निजी प्लांट के सामने तृणमूल कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
प्लांट के सामने प्रदर्शन करते तृणमूल समर्थक
प्लांट के सामने प्रदर्शन करते तृणमूल समर्थक
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर स्थित कल-कारखानों में नियुक्ति को लेकर तृणमूल की आपसी गुटबाजी चरम पर है। विभिन्न कारखानों के सामने नियुक्ति की मांग पर स्थानीय लोग बार-बार आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

निजी प्लांट के सामने प्रदर्शन

दुर्गापुर सागरभांगा कॉलोनी स्थित एक निजी फैक्ट्री में स्थानीय लोगों को काम से वंचित कर बाहरी मजदूरों को काम देने के खिलाफ तृणमूल कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान फैक्ट्री के बाहर भारी हंगामा हुआ जहां प्रदर्शनकारियों ने बाहरी मजदूरों को अंदर जाने से रोका और ठेकेदार को भी परिसर में ही रोके रखा। इससे प्लांट के अंदर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रदर्शन में शामिल तृणमूल कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से पार्टी नेताओं द्वारा केवल झूठे वादे किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्पष्ट हिदायत दी थी कि स्थानीय लोगों को काम में प्राथमिकता दी जाये। बावजूद इसके बाहरी लोगों को तरजीह दी जा रही है। प्रदर्शन के दौरान तृणमूल श्रमिक नेता शेख रमजान को भी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ दिनों पहले तृणमूल श्रमिक यूनियन के राज्य अध्यक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने स्वयं फैक्ट्री में आकर आश्वासन दिया था कि स्थानीय लोगों को काम मिलेगा। वहीं सोमवार को जब पांच बाहरी मजदूर फैक्ट्री में घुसे तो गुस्साए तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें और ठेकेदार को रोक दिया। इस घटना के बाद यूनियन के नए जॉइंट सेक्रेटरी शेख रमजान फैक्ट्री का गेट छोड़कर चले गए। प्रदर्शन कर रहे तृणमूल कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक स्थानीय लोगों को काम नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भी नाराजगी जताई और कहा कि अब केवल वादों पर भरोसा नहीं करेंगे। आईएनटीटीयूसी के राज्य अध्यक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि उन्होंने कभी वादा नहीं तोड़ा और मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए श्रमिक पोर्टल के माध्यम से ही पारदर्शिता लाई जा रही है। वहीं प्लांट में नई कमेटी गठित की गई है। इसी क्रम में प्लांट मैनेजमेंट को नई कमेटी की लिस्ट दी गई है। प्रदर्शन में शामिल लोगों की समस्याएं सुनी गई हैं। उन्हें मोबाइल नंबर भी दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे लोगों को साजिश के तहत उसकाया गया है। भाजपा जिला नेतृत्व ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तृणमूल की अंदरूनी गुटबाजी और गलत नीतियों के चलते बंगाल की औद्योगिक स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। फिलहाल सागरभांगा कॉलोनी की यह फैक्ट्री भारी तनाव और असंतोष के माहौल से गुजर रही है। चंद्रशेखर बनर्जी ने कहा कि नियुक्ति की मांग पर आंदोलन करने वाले लोगों का समर्थन किया जाएगा। आने वाले समय में ग्रेफाइट इंडिया में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए भाजपा श्रमिक संगठन द्वारा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय कारखानों में बाहरी लोगों को काम देकर तृणमूल नेता मोटी रकम ले रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं को सिर्फ पार्टी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in