

जामुड़िया : भारत के संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जामुड़िया क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थाओं एवं राजनीतिक दलों की ओर से संविधान दिवस मनाया गया। इस दौरान संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल, जामुड़िया बालिका विद्यालय, श्रीपुर हाट हाई स्कूल, परासिया उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान और उसके आदर्शों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान निर्माण के इतिहास, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल के प्राचार्य रोहनराम रजक ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता प्रदान करता है। यही संविधान का मूल मंत्र है और इसी भावना के अनुरूप देश की एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और समानता की गारंटी है। विद्यार्थियों को बचपन से ही संविधान के मूल्यों और आदर्शों से परिचित कराना आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने सभी से संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, बंधुत्व और न्याय की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
जामुडिया हिंदी हाई स्कूल में सहायक शिक्षक सुरेश पांडे संतोष कुमार साव,विनोद साव, करण तांती, प्रवीर सरकार,नीरज कुमार शर्मा, अश्विनी कुमार सिंह, कौशलेश सिंह,मोनिका वर्मा,प्रतिमा कपूर चौहान, रणवीर कुमार महतो सहयोगी रामस्वार्थ महतो आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे