

जामुड़िया : जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास एवं आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी की पहल पर सड़क निर्माण की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में आज निंघा तालाब स्थित छठ घाट तक जाने वाले रास्ते तथा वार्ड संख्या 12 के इमली धौड़ा इलाके में सड़क निर्माण को लेकर निरीक्षण एवं मापन कार्य किया गया। इस दौरान जामुड़िया नगरपालिका के इंजीनियरों की टीम ने प्रस्तावित सड़कों की लंबाई और चौड़ाई का जायजा लेकर आवश्यक विवरण दर्ज किया।
इसके अलावा वार्ड संख्या 10 स्थित छठ घाट तक जाने वाले रास्ते का भी निरीक्षण किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विधायक की पहल पर नगरपालिका स्तर पर की जा रही इस प्रक्रिया को क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस संबंध में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रमोद पाठक ने कहा कि विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी क्षेत्र के विकास और आम जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। निंघा तालाब स्थित छठ घाट सहित वार्ड संख्या 12 के इमली धौड़ा और वार्ड संख्या 10 के छठ घाट तक जाने वाले रास्तों का मापन इसी प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में परेशानी न हो, इसके साथ ही स्थानीय निवासियों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिल सके, यही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मापन एवं निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही इन रास्तों की स्थिति में सुधार होगा और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी।इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रमोद पाठक, डॉ. सुरेश महतो, धर्मेंद्र नोनिया सहित अन्य स्थानीय लोग प्रमुख रूप से उपस्थित थे।