निमडांगा सातग्राम इनक्लाइन कोलियरी बचाओ आंदोलन तेज, 27 को श्रीपुर-सातग्राम एरिया में महाधरना

कोलियरी बंद करने के प्रबंधन के फैसले के खिलाफ पांच श्रमिक यूनियनें एकजुट, 25 नवंबर से गेट पर जारी है धरना
धरना में शामिल जैक नेतृत्व
धरना में शामिल जैक नेतृत्व
Published on: 

जामुडिया : निमडांगा सातग्राम इनक्लाइन कोलियरी को बंद करने के प्रबंधन के फैसले के खिलाफ श्रमिकों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कोलियरी को बचाने के लिए ज्वाइंट एक्शन कमिटी के नेतृत्व में 25 नवंबर से कोलियरी गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है। इसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रमिक शामिल होकर प्रबंधन के फैसले का विरोध कर रहे हैं।

आंदोलनरत श्रमिकों का कहना है कि वर्षों से संचालित इस कोलियरी में आज भी हजारों टन कोयला उपलब्ध है। इसके बावजूद प्रबंधन खदान को बंद करने की दिशा में कदम उठा रहा है। श्रमिकों का आरोप है कि खदान को जानबूझकर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है।

आंदोलन को और व्यापक बनाने के लिए 27 नवंबर को श्रीपुर-सातग्राम एरिया में विशाल महाधरना आयोजित किया जाएगा। इसमें निमडांगा सहित आसपास की विभिन्न कोलियरियों के श्रमिक शामिल होंगे। इस आंदोलन में बीएमएस, एचएमएस, एटक, सीटू और इंटक पांचों श्रमिक संगठनों ने एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया है।

धरने में बीएमएस की ओर से यूनिट सचिव राम साही साव एवं एरिया लीडर सुधांशु, एचएमएस से महेश शेखर, प्रमोद साव एवं सिंटू कुमार भुइयां, एटक से जय किशन मिश्रा मनोज प्रसाद एवं गोपाल शरण ओझा, सीटू से हिमाद्री चक्रवर्ती एवं देवी दास बनर्जी तथा इंटक से सिराज हुसैन एवं तरुण गांगुली सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सभी यूनियन नेताओं ने इस मामले से स्थानीय जामुड़िया विधायक को मौखिक रूप से अवगत कराते हुए आंदोलन में सहयोग की अपील की है।

कमिटी की प्रमुख मांग है कि कोलियरी बंद करने का आदेश तत्काल वापस लिया जाए, खदान को न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उत्पादन जारी रखा जाए तथा एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) के नाम पर निजी ठेकेदारों को खदान सौंपने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए।

एरिया जेसीसी नेता सिंटू कुमार भुइयां ने कहा कि हजारों टन कोयला रहने के बावजूद प्रबंधन कोलियरी बंद करना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एमडीओ व्यवस्था के तहत निजी ठेकेदारों से खनन कराने के उद्देश्य से खदानों को सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजदूर इस फैसले को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि ''कोलियरी बचेगी, मजदूर बचेंगे।''

कमिटी ने चेतावनी दी है कि प्रबंधन ने फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News