जनता के सच्चे नेता थे दिवंगत नेता कॉमरेड सुजीत दत्ता : तापस कवि

निंघा स्टाफ क्लब में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
संबोधित करते तापस कवि
संबोधित करते तापस कवि
Published on: 

जामुडिया : दिवंगत वामपंथी नेता सुजीत दत्ता की स्मृति में निंघा स्टाफ क्लब परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता कॉमरेड नोमान अफसर खान ने की, जबकि शोक प्रस्ताव एरिया कमेटी के सचिव कॉमरेड शमित कवि ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर तापस कवि, संजय परामाणिक, जहानारा खान एवं मनोज दत्ता ने दिवंगत नेता के साथ बिताए गए अपने अनुभवों को साझा किया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सभा को संबोधित करते हुए तापस कवि ने कहा कि सुजीत दत्ता जनता से गहरा जुड़ाव रखने वाले एक सच्चे जननेता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन वामपंथी आंदोलन को मजबूत करने तथा समाजवादी व्यवस्था की स्थापना के संघर्ष को समर्पित कर दिया था। जामुड़िया क्षेत्र में मजदूरों, मेहनतकशों और आम जनता के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्ष और योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

वक्ताओं ने कहा कि सुजीत दत्ता केवल एक राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि आम लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले जनपक्षधर व्यक्तित्व थे। उनके विचार, सिद्धांत, संघर्षशील जीवन और जनहित के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उनके निधन से वामपंथी आंदोलन को अपूरणीय क्षति हुई है।

श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत कॉमरेड के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके द्वारा शुरू किए गए जनहित के संघर्षों और विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News