भाजपा प्रदेश सह प्रभारी राजेंद्र सिंह का न्यू केंदा मोड़ पर गर्मजोशी से स्वागत

डबल इंजन सरकार में बंगाल के विकास को मिली नई गति, गरीबों के हित में कई योजनाएं शुरू की गईं : राजेंद्र सिंह
स्वागत करते भाजपा समर्थक
स्वागत करते भाजपा समर्थक
Published on: 

जामुडिया : भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश सह प्रभारी राजेंद्र सिंह का रविवार को जामुड़िया के न्यू केंदा मोड़ पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वह पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के बांकेला जाने के क्रम में न्यू केंदा मोड़ पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय भाजपा नेताओं एवं समर्थकों ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर तथा माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राजेंद्र सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार है। नरेंद्र मोदी और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान योजना, अन्नपूर्णा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार किया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। वहीं, गरीब परिवारों को अपना पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों के घर का सपना पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

न्यू केंदा मोड़ पर भाजपा नेता चंद्रमोहन झा एवं राहुल चौबे ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर और माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव कुंदन साह, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं बोलपुर तथा विष्णुपुर जिले के प्रभारी पंकज सिंह, रूपेश यादव, विपदतरण भट्टाचार्य, अक्षयलाल यादव, जगबंधु बनर्जी, विक्की सिंह, कन्हैया विराज यादव एवं अरुण तिवारी सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News