

फो
जामुड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के निदेशक (तकनीकी) संचालन चितरंजन कुमार ने 18 नवंबर 2026 को कुनुस्तोड़िया क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय सम्मेलन कक्ष में क्षेत्र के महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा, अपर महाप्रबंधक जयनारायण हलदार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुखों एवं परियोजनाओं के अभिकर्ताओं के साथ विशेष बैठक की। बैठक में क्षेत्र के कार्य-निष्पादन की समीक्षा करते हुए उत्पादन एवं उत्पादकता में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए चितरंजन कुमार ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में कुनुस्तोड़िया क्षेत्र का प्रदर्शन अच्छा रहा है। अब आवश्यकता है कि इस गति को बरकरार रखते हुए कार्यों में और अधिक गुणात्मक सुधार किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के निर्धारित लक्ष्यों को निश्चित रूप से हासिल करेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करने का आह्वान किया।
बैठक के बाद निदेशक (तकनीकी) संचालन ने क्षेत्र की नॉर्थ सियारसोल ओपन कास्ट परियोजना (ओसीपी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान की कार्यप्रणाली, कोयला उत्पादन एवं उत्पादकता से संबंधित गतिविधियों का जायजा लिया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में निदेशक के आगमन पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा ने पूरे क्षेत्र की ओर से उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि निदेशक (तकनीकी) संचालन के दौरे और उनके मार्गदर्शन से क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई ऊर्जा मिली है। इसका सकारात्मक प्रभाव आने वाले दिनों में क्षेत्र के उत्पादन एवं उत्पादकता पर दिखाई देगा।