

जामुड़िया : त्योहारों के मौसम में जामुड़िया क्षेत्र के लोगों को बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गापूजा से लेकर दिवाली और अब छठ पूजा तक बिजली कटौती की समस्या ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को बार-बार बिजली गुल होने और लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि त्योहारों के समय घरों में रोशनी, पूजा-पाठ और अन्य तैयारियों के लिए बिजली की अधिक आवश्यकता होती है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जा रही है। कभी अचानक बिजली कट जाती है तो कभी लंबे समय तक लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इससे घरेलू कामकाज के साथ-साथ छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस मामले में वार्ड संख्या 4 के मारवाड़ी पट्टी की स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। यहां लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से यहाँ तक कि विधायक डॉ बिजन मुख़र्जी के पास शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
उपभोक्ताओं में इस बात को लेकर नाराजगी है कि जब त्योहारों के दौरान बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तब भी विभाग की ओर से बेहतर आपूर्ति की व्यवस्था नहीं की जा रही है। लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वार्ड संख्या 4 में लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।