जामुडिया में मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

बच्चों के बीच पेन एवं कॉपियों का किया गया वितरण, शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
जयंती पालन करते कांग्रेस नेतृत्व
जयंती पालन करते कांग्रेस नेतृत्व
Published on: 

जामुड़िया : देश के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 एवं वार्ड संख्या 26 में कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस के सभी साथियों ने मौलाना अबुल कलाम आजाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उनके बीच पेन एवं कॉपियों का वितरण किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। बच्चों को शिक्षित और जागरूक बनाकर ही एक बेहतर समाज एवं मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मोहम्मद फिरोज खान ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद का संपूर्ण जीवन शिक्षा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के प्रति समर्पित रहा। देश के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। बच्चों के बीच पेन और कॉपियों का वितरण इसी सोच के साथ किया गया है, ताकि उनमें पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़े। कांग्रेस हमेशा शिक्षा, समानता और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है।

कार्यक्रम के आयोजक एवं वाइस चेयरमैन मोहम्मद सरफराज, जामुड़िया ब्लॉक-1 अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मोहम्मद आजाद, नॉर्थ ब्लॉक अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मोहम्मद फिरोज खान सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News