

जामुड़िया : जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के साथ-साथ समाज को ऐसे अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी दिए हैं, जिन्होंने विज्ञान, वाणिज्य, विदेश मंत्रालय, केंद्रीय सुरक्षा बल तथा शिक्षा जगत में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। ऐसे ही दो पूर्व विद्यार्थी अपने पुराने विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें ताजा हुईं और गुरु-शिष्य के बीच आत्मीयता का भाव देखने को मिला।
विद्यालय पहुंचे प्रोफेसर डॉ. कुंदन रजक ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2009 में इसी विद्यालय से माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने यहां से उच्च माध्यमिक की पढ़ाई पूरी की। आगे की शिक्षा ग्रहण कर आज वह खांद्रा कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल में प्राप्त शिक्षा, शिक्षकों का मार्गदर्शन और संस्कार ही उनकी सफलता की मजबूत नींव बने। आज जिस मुकाम पर वह पहुंचे हैं, उसमें विद्यालय और उनके शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। अपने पुराने विद्यालय पहुंचकर सभी शिक्षकों का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए गौरव और भावुकता का क्षण है।
वहीं, देश की सुरक्षा में अपना योगदान दे रहे सीआरपीएफ के जवान राजेश कुमार चौधरी ने कहा कि इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण करने के दौरान शिक्षकों ने उनमें देशप्रेम और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित की। आज केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों से मिले संस्कार और प्रेरणा को दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रोहनराम रजक एवं वरिष्ठ शिक्षक सुरेश पांडे ने दोनों पूर्व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों को इन पूर्व छात्रों के संघर्ष, मेहनत और सफलता से सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।