निंघेश्वर महादेव मंदिर का होगा जीर्णोद्धार : डॉ बिजन कुमार मुखर्जी

निंघा दौरे पर इमलीधौड़ा काली मंदिर में स्थायी प्रतिमा स्थापना के लिए विधायक ने दिया 50 हजार रुपये का अनुदान
मंदिर निरीक्षण करते विधायक डॉ बिजन कुमार
मंदिर निरीक्षण करते विधायक डॉ बिजन कुमार
Published on: 

जामुड़िया : कोयलांचल क्षेत्र के निंघा स्थित प्राचीन निंघेश्वर महादेव मंदिर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार की पहल की जाएगी। इसी उद्देश्य से विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने निंघा दौरे के दौरान मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के यज्ञ मंडप, आवास एवं परिसर की अन्य संरचनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए इनके विकास और जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि निंघेश्वर महादेव मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है। भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को देखते हुए मंदिर परिसर का व्यवस्थित विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श कर जीर्णोद्धार कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि मंदिर को बेहतर स्वरूप प्रदान किया जाए, ताकि श्रद्धालु यहां धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ एवं पूजा-पाठ सुगमता से कर सकें।

वहीं, निंघा के इमलीधौड़ा स्थित मां काली मंदिर में स्थायी प्रतिमा स्थापित करने के लिए विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने 50 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया। स्थायी प्रतिमा की स्थापना से मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों को और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में मदद मिलेगी। मां काली के प्रति स्थानीय लोगों की गहरी आस्था है तथा मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

इस मौके पर शक्ति प्रमुख धर्मेंद्र नोनिया ने कहा कि मंदिरों का संरक्षण और विकास हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। निंघेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था से जुड़ा हुआ है और इसके जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इमलीधौड़ा काली मंदिर में मां काली की स्थायी प्रतिमा स्थापित होने से भक्तों की वर्षों पुरानी धार्मिक भावना को मजबूती मिलेगी। विधायक द्वारा 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।

इस दौरान शक्ति प्रमुख धर्मेंद्र नोनिया, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद पाठक, विनोद पांडे, मुकेश साव, अशोक साव एवं श्याम केवट सहित भाजपा के विभिन्न कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News