

जामुड़िया : रक्त की कमी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जामुड़िया मिलन समिति मैदान में सुभाष चन्द्र बोस सेवा केन्द्र के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आसनसोल जिला अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में कुल 47 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता एवं सामाजिक दायित्व का परिचय दिया। रक्तदाताओं के उत्साह और सहयोग से पूरा आयोजन सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण की भावना से सराबोर रहा।
इस मौके पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा के सबसे महान कार्यों में से एक है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन दे सकती है। समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी को भी कभी भी पड़ सकती है। ऐसे शिविर न केवल समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होते हैं। उन्होंने शिविर में लोगों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों को भविष्य में भी प्रोत्साहित एवं सहयोग किया जाता रहेगा।
इस अवसर पर हारा प्रसाद घोष, उज्ज्वल अधिकारी, झंटू रुईदास, समरेश बाध्यकर, आयन गोप, राजेश यादव, जयंतो रुईदास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे । आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजहित और जनकल्याण के उद्देश्य से इस तरह के रक्तदान एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।