

जामुड़िया : विधानसभा क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शुमार जामुड़िया हिंदी हाई स्कूल (एचएस) की 75वीं वर्षगांठ (हीरक जयंती) के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय समारोह का सोमवार को भव्य उद्घाटन हुआ। समारोह में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नावालाम, विधायक डॉ. विजन कुमार मुखर्जी एवं विद्यालय निरीक्षक (सर्किल-1) कंचन मंडल सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय की 75 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
विद्यालय की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें उद्योगपति दीपचंद खेतान, प्रेमचंद गोयल, चार्टर्ड अकाउंटेंट गोविंद गोयल, संजय खेतान तथा सीआरपीएफ, आरपीएफ, बीएसएफ एवं राज्य पुलिस में कार्यरत पूर्व विद्यार्थी शामिल रहे। उत्कृष्ट हिंदी पत्रकारिता के लिए सन्मार्ग के ब्यूरो प्रमुख गोपाल सिंह को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा उद्योगपति मनीष डालमिया, प्रोफेसर कुंदन रजक तथा पूर्व शिक्षक रामकुमार केसरी सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य रोहनराम रजक ने स्वागत भाषण में संस्थान के गौरवशाली इतिहास, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन पश्चिम बर्दवान चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अजय कुमार खेतान ने किया। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया तथा पूर्व प्रधानशिक्षक स्वर्गीय राजेंद्र ठाकुर, दिगंबर मिश्रा, जवाहर राम एवं गणेश मिश्र के योगदान को याद किया। उनके प्रभावशाली संचालन की जिलाधिकारी ने भी सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि अजय कुमार खेतान इतना अच्छा संचालन भी करते हैं।
पूर्व अध्यक्ष पवन कुमार मावंडिया ने भी विद्यालय के इतिहास और उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। जिलाधिकारी एस. पोन्नावालाम ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने पढ़ाई के साथ प्रतिदिन एक घंटा खेलकूद के लिए निकालने तथा पुस्तकालय में नियमित अध्ययन करने की सलाह दी।
विधायक डॉ. विजन कुमार मुखर्जी ने जामुड़िया में कॉलेज स्थापना की मांग उठाते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय विद्यार्थियों को दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता है। कॉलेज खुलने से उन्हें बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर महेश मेंगोतिया, महेश सावड़िया, विश्वनाथ यादव ,महेश सिंह, जयप्रकाश डोकानिया, विकास यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, निरंजन सिंह, राणा बनर्जी, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन डॉ. भास्कर बनर्जी एवं प्रदीप डोकानिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजन को सफल बनाने में सुरेश पांडेय, मोनिका कुमारी वर्मा, प्रतिमा कपूर चौहान, संतोष साव, प्रवीर सरकार, करण जी, तांती, शमशेर अंसारी, नीरज कुमार शर्मा, बिनोद कुमार साव, अश्विनी कुमार सिंह, शमीम बानो, कौशलेश कुमार सिंह, उत्तम मुखर्जी, रणबीर कुमार महतो एवं रामस्वरथ महतो सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।