

जामुड़िया : ईसीएल के केंदा क्षेत्र अंतर्गत न्यू केंदा ओसीपी की कुआरी संख्या-2 में कोयला चोरी के खिलाफ अचानक छापेमारी अभियान चलाया गया। सीआईएसएफ तथा ईसीएल की सुरक्षा टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए ओसीपी से चोरी किया गया कुल 3.910 टन कोयला बरामद किया। इस औचक कार्रवाई से कोयला चोरी में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
छापेमारी के दौरान जब्त किए गए कोयले का वजन कराने के बाद उसे ईसीएल की बहुला साइडिंग में जमा करा दिया गया। ईसीएल केंदा क्षेत्र के प्रभारी सुमन कुमार ने कहा कि कोयला चोरी के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा टीम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
बताया जाता है कि चुनाव परिणाम आने के बाद न्यू केंदा ओसीपी की कुआरी संख्या-3 से कोयला चोरी की गतिविधियां बंद हो गई थीं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से एक बार फिर ओसीपी से अवैध रूप से कोयला निकालने का काम शुरू होने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर सीआईएसएफ और ईसीएल की सुरक्षा टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से कोयला चोरी में शामिल लोगों में खलबली मच गई है।
वहीं, अवैध रूप से कोयला खरीदने वाले ईंट-भट्ठा संचालकों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर चिंता बढ़ने की चर्चा है। सूत्रों का दावा है कि क्षेत्र के कुछ ईंट-भट्ठों में निर्धारित सीमा से अधिक कोयले का भंडारण किया जाता है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित ईंट-भट्ठों के कोयला भंडार और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच होने पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
क्षेत्र में कोयला चोरी की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में ईसीएल और सीआईएसएफ अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए किस तरह की कार्रवाई करते हैं।