

तीन दरवाजों के ताले तोड़कर 50 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी और 35 हजार रुपये नकद ले उड़े चोर
जामुड़िया : पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया स्थित बिजपुर इलाके में सड़क किनारे एक बंद घर में दुस्साहसिक चोरी की घटना सामने आई है। घर के सदस्यों की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर चोरों ने तीन दरवाजों के ताले तोड़कर करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण, 100 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 35 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना से इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर जामुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिजपुर निवासी शारीरिक रूप से दिव्यांग गैरेज मैकेनिक गणेश गड़ाई शुक्रवार को अपनी पत्नी को लाने झारखंड स्थित ससुराल गए थे। रात अधिक हो जाने के कारण वह वहीं रुक गए। शनिवार सुबह जब वह अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला सुरक्षित देखकर उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन अंदर प्रवेश करते ही तीन दरवाजों के टूटे ताले देखकर वह हैरान रह गए।
परिवार के सदस्यों के साथ घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि कीमती सामान रखने वाली अलमारी का दरवाजा टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। गणेश गड़ाई के अनुसार, अलमारी में बेटी के लिए रखे करीब 50 ग्राम सोने तथा 100 ग्राम चांदी के आभूषण मौजूद थे। इसके अलावा पत्नी की साड़ी की तह में छिपाकर रखे बेटे-बेटी की स्कूल फीस और लक्ष्मी पूजा के लिए जमा किए गए करीब 35 हजार रुपये भी गायब थे। चोरों ने साड़ियों सहित घर के सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया था।
हैरानी की बात यह रही कि दूसरे कमरे में रखी सिक्कों से भरी एक थैली को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। पूजा कक्ष में प्रवेश करने के बावजूद वहां से भी कोई सामान चोरी नहीं किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी इलाके के निकट एसबीआई बैंक के पास भी चोरी का प्रयास हुआ था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।