

जामुड़िया : ‘नवरात नौ दिन माई, दशम दिन विदाई’ की परंपरागत भावना के बीच बुधवार की शाम जामुड़िया में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री दुर्गा सेवा समिति, 11 नंबर सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी और एबीपीट सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी की प्रतिमाओं को महावीर अखाड़ा के साथ ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी और पारंपरिक अखाड़ा खेलों के बीच धूमधाम से विदाई दी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदा करते हुए अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
शोभायात्रा के दौरान एबीपीट अखाड़ा कमेटी की ओर से एबीपीट कोलियरी मैदान में पगड़ी बंधन की रस्म निभाई गई। इस अवसर पर अखाड़े के उस्तादों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं, तीन नंबर पंप हाउस अखाड़ा कमेटी की ओर से भी पगड़ी बंधन का आयोजन किया गया। इस मौके पर विकास यादव, गोपाल दास और महेश सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
11 नंबर सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी की ओर से शोभायात्रा के दौरान अतिथियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमेटी के रोहनराम रजक, संतोष भारती और महेश सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। वहीं, श्री दुर्गा सेवा समिति की ओर से पवन अग्रवाल, बिहारीलाल टिबरेवाल सहित कमेटी के अन्य सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
शोभायात्रा के दौरान जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने भी अखाड़ा खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मारवाड़ी युवा मंच की ओर से सूचना एवं सेवा केंद्र लगाया गया, जबकि विश्व हिंदू परिषद के नेता और समर्थक भी उपस्थित रहे।
विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी सोमेन्द्रनाथ सिंह ठाकुर, ट्रैफिक इंचार्ज सुकांत दास और सीआई मानव दास पूरे जुलूस के दौरान मुस्तैद रहे। अंततः सभी प्रतिमाओं का विसर्जन थाना स्थित राधाकांत पोखर में किया गया। भक्ति, उत्साह और भावुकता के बीच मां दुर्गा को विदाई दी गई।