

जामुड़िया : शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन ही जामुड़िया बाजार का शहरी क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा है। आपायन भवन से पुनियाटी तक सड़क के दोनों ओर आकर्षक विद्युत सज्जा, रंगीन रोशनी और भव्य स्वागत द्वारों ने पूरे क्षेत्र की रौनक बढ़ा दी है। दुर्गापूजा को लेकर बाजार में उत्सव का माहौल बन गया है और खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है।
जामुड़िया बाजार क्षेत्र में इस वर्ष सात से अधिक पूजा समितियों की ओर से दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। इनमें श्री दुर्गा सेवा समिति, थानामोड़ सार्वजनिक दुर्गापूजा कमेटी, 11 नंबर दुर्गापूजा कमेटी, बाउरीपाड़ा पूजा कमेटी, पावर हाउस स्थित रिक्रिएशन क्लब, पुनियाटी पूजा कमेटी, दामोदरपुर पूजा कमेटी तथा आरएनएस क्लब पूजा कमेटी प्रमुख हैं। सभी पूजा समितियों की ओर से पंडालों को आकर्षक रूप देने के साथ ही विद्युत सज्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इन पूजा पंडालों का उद्घाटन महाषष्ठी के दिन किया जाएगा। वहीं, पूजा की तैयारियों के बीच बाजार की रौनक लगातार बढ़ रही है। कपड़े, जूते-चप्पल, सजावटी सामान और अन्य जरूरी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। लोग परिवार के साथ बाजार पहुंचकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
इस वर्ष राज्य में सत्ता परिवर्तन का असर भी पूजा पंडालों की सजावट और आयोजन के माहौल में चर्चा का विषय बना हुआ है। नवरात्र के शुरुआती दिनों में ही जामुड़िया बाजार की चहल-पहल और आकर्षक रोशनी ने दुर्गोत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया है।