

दुर्गोत्सव बंगाल की संस्कृति में रचा-बसा, इसे संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी : डॉ. प्रणव कुमार
--- जामुड़िया थाना क्षेत्र की 101 दुर्गापूजा कमेटियों को राज्य सरकार की अनुदान राशि के चेक प्रदान किए गए
जामुड़िया : दुर्गोत्सव बंगाल की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का अभिन्न अंग है। इस सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह बात आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने कही। वे सोमवार को जामुड़िया थाना क्षेत्र की दुर्गापूजा कमेटियों को राज्य सरकार की ओर से अनुदान राशि के चेक प्रदान करने के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
निघा स्थित एक निजी होटल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जामुड़िया थाना क्षेत्र की 101 दुर्गापूजा कमेटियों को अनुदान राशि के चेक सौंपे गए। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार के अलावा डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल विमान कुमार मिर्धा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, जामुड़िया थाना प्रभारी सोमेंद्रनाथ सिंह, केंदा, चुरुलिया एवं श्रीपुर फांड़ी के अधिकारी तथा विशेष अतिथि के रूप में जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी उपस्थित थे। डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक भी है। पूजा के दौरान सभी समुदायों के लोगों की सहभागिता बंगाल की सांस्कृतिक एकता को दर्शाती है। उन्होंने पूजा कमेटियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर उत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पूजा कमेटियों का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है।
विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी ने कहा कि दुर्गोत्सव बंगाल की पहचान और गौरव का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। राज्य सरकार की ओर से पूजा कमेटियों को आर्थिक सहायता प्रदान करना उत्सव के आयोजन में सहयोग देने की पहल है। उन्होंने पूजा कमेटियों से अपील की कि वे धार्मिक आस्था के साथ-साथ बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और सामाजिक एकता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से दुर्गापूजा आयोजित करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों के साथ दुर्गोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। अनुदान राशि के चेक मिलने से पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों में उत्साह देखा गया।