

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के लंबे संघर्ष के बाद सेल के डीएसपी में कार्यरत ठेका श्रमिकों के लिए नई वेतन दरों का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। 20 नवंबर 2026 को जारी इस आदेश के तहत नई दरें 1 नवंबर 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी, जिन्हें भारत सरकार के श्रम ब्यूरो द्वारा 30 सितंबर 2026 को जारी न्यूनतम मजदूरी अधिसूचना के आधार पर तय किया गया है।
इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बीएमएस के जिला सचिव मृण्मय बनर्जी ने इसे बीएमएस की बड़ी और ऐतिहासिक जीत करार दिया है। मृण्मय बनर्जी ने कहा कि बीएमएस सदैव राष्ट्रीय हित, उद्योग हित और मजदूर हित को सर्वोपरि रखकर काम करता है। वर्षों के निरंतर आंदोलन के बाद आज श्रमिकों को उनका यह हक मिला है। विपक्षी ट्रेड यूनियनों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ यूनियनें बेवजह इस उपलब्धि का श्रेय लेने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में 34 वर्षों के वाममोर्चा और 15 वर्षों के तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान श्रमिकों का भारी शोषण हुआ, जिसके खिलाफ बीएमएस ने लगातार आवाज बुलंद की है।
मृण्मय बनर्जी ने आगे कहा कि पिछले मई महीने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद अब केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार मिलकर श्रमिकों को उनका जायज अधिकार दिला रही है।
नई अधिसूचना के अनुसार, वर्क्स क्षेत्र में अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 859 रुपये और कुशल श्रमिकों को 933 रुपये मिलेंगे। प्रोजेक्ट्स क्षेत्र में अकुशल को 759 रुपये व कुशल को 933 रुपये, टाउन सर्विसेज इलेक्ट्रिकल में अकुशल को 861 रुपये व कुशल को 933 रुपये तथा नॉन-वर्क्स क्षेत्र में अकुशल को 704 और कुशल श्रमिकों को 933 रुपये प्रतिदिन तय किए गए हैं।