नशे में डूबे बेटे को रस्सी से बांधकर थाने पहुंचा लाचार पिता

सरकारी अस्पताल में भर्ती नहीं लेने का आरोप
रस्सियों से बंधा युवक
रस्सियों से बंधा युवक
Published on: 

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता

दुर्गापुर : नशे की लत ने एक परिवार को ऐसी मोड़ पर ला खड़ा किया, जिसे देखकर हर किसी की आंखे नम हो गईं। बेटे की जान जाने के डर से लाचार पिता ने उसे रस्सी और ट्यूब से वैन में बांधकर थाने में पेश कर दिया। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर थाने में मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। इलाके में इस घटना को लेकर गहरी चर्चा फैल गई है।

पिता सुनील साह वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि 22 वर्षीय बेटा कन्हैया साह पंद्रह नवंबर को छठ पूजा की रात से अचानक असामान्य व्यवहार करने लगा। वह किस तरह का नशा कर रहा है, यह परिवार के किसी भी सदस्य को पता नहीं है। बेटे की हरकतों से परिवार के लोग लगातार भय में जी रहे हैं।

आरोप लगाया कि बेटे को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। पैसे की तंगी के कारण निजी अस्पताल में इलाज कराना भी उनके बस से बाहर है। इस दौरान चिंतित परिवार बेटे के व्यवहार से कोई बड़े हादसे या स्वयं को नुकसान पहुंचाने का डर सता रहा है।

इसी आशंका से पिता बेटे को वैन में बांधकर थाने में पहुंच गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि यदि बेटे के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसका दोष परिवार पर नहीं आना चाहिए। इसी निवेदन के साथ वह थाने आए हैं। वहीं पिता की इस पीड़ा ने व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज के लिए मदद नहीं मिलने से परिवार के लोग हताश हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News