महिला की रहस्यमय मौत से इलाके में मची सनसनी

मौके पर पहुंचकर डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने स्थिति का लिया जायजा
महिला की रहस्यमय मौत से इलाके में मची सनसनी
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी कैंटीन इलाके में एक महिला की रहस्यमय मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका का नाम बैशाखी मंडल (70) है। घटना की खबर मिलते ही साउथ थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वृद्धा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बैशाखी मंडल की मौत हत्या के कारण हुई, किसी दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति जिम्मेदार है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि उसकी मौत की सच्चाई क्या है।

क्या है घटना

मृतका के एक बेटे ने बताया कि उनके भाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और इसके बाद यह घटना सामने आई। परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि वृद्धा को बेटे की ओर से कथित तौर पर जुल्म का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल इस संबंध में किसी व्यक्ति के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, बैशाखी मंडल के पति सरकारी नौकरी में थे। उनकी मौत के बाद मिलने वाली पेंशन की राशि बैशाखी मंडल को प्राप्त होती थी। परिवार के भीतर इस पेंशन को लेकर किसी तरह का विवाद था या नहीं, यह भी जांच की जा रही है।

क्या कहा पुलिस ने

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना संभव नहीं है कि वृद्धा की हत्या हुई है या उनकी मौत किसी दुर्घटना के कारण हुई है। फिलहाल इसकी जांच चल रही है। आगे कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है। इस मौके पर आसनसोल साउथ थाना के आईसी विश्वजीत मुखर्जी, पुलिस अधिकारी शिव शंकर बसाक सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in