

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम के 13 नंबर वार्ड स्थित मेन गेट इलाके में 17 साल के एक युवक में डेंगू की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया है। मोहम्मद रेवान अंसारी नाम के इस युवक को इलाज के लिए परिजन कोलकाता के बेलेघाटा आईडी अस्पताल ले गए हैं। परिजन के मुताबिक, रेवान को पिछले कुछ दिनों से बुखार था। शुरुआती लक्षणों को देखकर डॉक्टर ने टाइफाइड की बात कही थी। हालांकि, दवाइयां लेने के बाद भी बुखार न उतरने पर खून की जांच कराने की सलाह दी गई, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। ब्लड टेस्ट लैब की ओर से इस बात की जानकारी दुर्गापुर नगर निगम को दी गई। इसके तुरंत बाद नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मी मेन गेट इलाके में पहुंचे और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का काम शुरू किया। तभी युवक के परिवार को भी इसकी भनक लगी, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया। दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई ने बताया कि एक व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई है और उसका इलाज चल रहा है। इसके साथ ही दुर्गापुर नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मियों ने इलाके के स्थानीय निवासियों की स्वास्थ्य जांच भी की। विधायक ने दावा किया, तृणमूल की तरह हम जानकारी नहीं छिपाते हैं।