

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पश्चिम बंगाल में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। 1 सितंबर 2026 से राज्य के सभी नगर निगम, विधान सभा और गठित अंचल इलाकों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नए नियम और जुर्माने की व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसी के तहत आज आसनसोल नगर निगम की ओर से शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में अधिकारियों ने बैनर पोस्टर के जरिए लोगों को नए नियमों के बारे में जानकारी दी। वहीं पश्चिम बंगाल सरकार के नए स्वच्छता नियमों के तहत आसनसोल नगर निगम ने आज से सख्ती शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थल पर थूकने, गंदगी फैलाने, खुले में पेशाब करने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर जुर्माने का फैसला लिया है। आगे कहा कि खुले में थूकने पर 100 रुपये और अन्य सभी मामलों में 200-200 रुपये जुर्माना तय किया गया है। इसी के तहत आज शहर के सभी बोरो में जागरूकता रैली और कैंपेन चलाया गया। लोगों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें।
लगाया गया जुर्माना
कई दुकानदारों के बाहर नालियों में कचरा, कप, पॉलिथीन फेंके जाने से नालियां जाम हो रही हैं, जिससे जलभराव और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे कई दुकानदारों और कचरा फेंकते हुए रंगे हाथ पकड़े गए लोगों से आज जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम अधिकारी ने कहा कि निगम के निर्मल साथी और निर्मल बंधु लगातार सफाई कर रहे हैं, लेकिन लोगों द्वारा फिर से गंदगी फैलाने से शहर साफ नहीं हो पा रहा है। इस जुर्माने के डर से लोगों के व्यवहार में बदलाव आएगा और नगर निगम के 10 बोरो के 106 वॉर्ड में साफ सफाई हो ऐसी उम्मीद है।