12 साल के शासन में मोदी सरकार ने देश में रचा इतिहास - मंत्री

बताया गया केंद्र सरकार की विकास गाथा
12 साल के शासन में मोदी सरकार ने देश में रचा इतिहास - मंत्री
Published on

आसनसोल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 साल के भीतर देश के हर क्षेत्र में विकास कर देश में नया इतिहास रच दिया है। मोदी के नेतृत्व में भारत ने अविस्मरणीय विकास किया है। उर्जा के क्षेत्र में देश को स्वनिर्भर बनाने के लिए काफी प्रयास किया। सोलर एनर्जी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उक्त बातें शहर के उत्तर धादका बायपास स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना हो अथवा मुद्रा योजना तथा गरीबों के लिए बैंक खाता खोलने की योजना, सभी को लागू कर इसका लाभ लोगों तक पहुंचाया गया। 58 करोड़ गरीबों के लिए शून्य बैलेंस पर बैंकों में खाते खोले गए। इसमें महिलाओं की संख्या 32 करोड़ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना किसी गारंटी के 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जा रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 12 सालों में 7 करोड़ 71 लाख किसानों के खातों में करीब 10 लाख करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 साल बाद सालानपुर रेलवे स्टेशन पर ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया। ईएसआई अस्पताल के विकास हेतु 50 करोड़ रुपया खर्च किया गया। सेल आईएसपी के आधुनिकीकरण के लिए 35-45 हजार करोड़ रुपया खर्च किया जा रहा है। कुमारपुर फ्लाईओवर ब्रिज का 57 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया गया। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए स्वच्छता एप बनाया गया है। लोग कहीं भी कचरा देखें तो तुरंत उक्त एप में डाल दें। इसके बाद दो घंटे के भीतर सफाई कर्मी वहां पहुंचकर कचरा उठा लेंगे। उन्होंने कहा कि कालीपहाड़ी डंपिंग स्थल की सफाई की जाएगी। इसके लिए लोगों से आग्रह किया कि वे ठोस और तरल कचरे को अलग-अलग रखे। पार्किंग कर्मियों को ड्रेस में रहना अनिवार्य किया गया है। अब अवैध पार्किंग चलाना संभव नहीं होगा। पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप पर बहुत ज्यादा जोर दिया था। पहले लोग सोचते थे कि व्यापारी का बेटा है तो व्यापारी बनेगा, लेकिन मोदी ने इस अवधारणा को बदलने का प्रयास किया है। मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, जिलाध्याक्ष देवतनु भट्टाचार्य आदि भाजपा नेता उपस्थित थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in