

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : गत 30 जून को बर्दवान अस्पताल से गायब हुआ एक मोबाइल फोन बांग्लादेश के एक निवासी के पास से बरामद किया गया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। भारत का फोन बांग्लादेश कैसे पहुंचा, इसे लेकर रहस्य लगातार गहराता जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 30 जून को बांकुड़ा की रहने वाली पायल धारा इलाज के सिलसिले में बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल आई थीं। अस्पताल परिसर से ही उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इस मामले में उन्होंने वर्धमान थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में साइबर सेल की मदद ली गई, जिससे पता चला कि मोबाइल फोन फिलहाल बांग्लादेश में है। पड़ताल में सामने आया कि बांग्लादेश के राजशाही जिले के निवासी मोहम्मद अहद अली ने यह फोन नदिया जिले की ''जॉनी गैजेट'' नामक दुकान से खरीदा था। बाद में जब वह अपने इलाज के लिए भारत आए, तो उन्होंने इस फोन में भारतीय सिम कार्ड का इस्तेमाल किया। इसी सुराग के आधार पर फोन की लोकेशन की पुष्टि होने के बाद वर्धमान थाना पुलिस ने अहद अली से संपर्क किया। सच्चाई का पता चलते ही अहद अली ने पुलिस का सहयोग किया और सोमवार को वह खुद बर्दवान थाने पहुंचे और फोन पुलिस को सौंप दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मोबाइल फोन के बांग्लादेश पहुंचने के पूरे मामले की जांच जारी रहेगी। विशेष रूप से, यह फोन एक देश से दूसरे देश कैसे पहुंचा और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है। वहीं, 4 महीने से भी अधिक समय बाद अपना फोन वापस पाकर पायल धारा बेहद खुश हैं।