

आसनसोल : आगामी मानसून को देखते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा के भाजपा विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने शहर के विभिन्न नालों और ड्रेनों की जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेनरेले रोड स्थित पांचमुंहा पुल के पास के ड्रेन तथा एलआईसी मोड़ स्थित एजी चर्च स्कूल के समीप जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक कृष्णेन्दु मुखर्जी ने कहा कि कई स्थानों पर ड्रेन में कचरा और गाद जमा होने के कारण जल निकासी बाधित हो रही है। उन्होंने बताया कि एजी चर्च स्कूल के पास स्थित ड्रेन काफी हद तक जाम था, जिस कारण हल्की बारिश होने पर भी गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। इससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आगे कहा कि मानसून शुरू होने से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों और ड्रेनों की व्यापक सफाई कराई जाएगी, जिससे बारिश के दौरान नालियों और ड्रेनों का गंदा पानी लोगों के घरों, दरवाजों और सड़कों पर जमा न हो। उन्होंने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द सफाई कार्य पूरा करने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का आग्रह किया, ताकि मानसून के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।