आसनसोल दक्षिण विधानसभा के छठ घाटों का मंत्री ने किया निरीक्षण

सफाई, लाइट और सुरक्षा का लिया जायजा
छठ घाट का निरीक्षण करती मंत्री अग्निमित्रा पॉल
छठ घाट का निरीक्षण करती मंत्री अग्निमित्रा पॉल
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : छठ पूजा को लेकर आसनसोल दक्षिण विधानसभा के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां जोरों पर हैं। शनिवार को आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल नगर निगम के प्रशासक दिलीप मिश्रा, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और भक्तों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा गया। घाटों पर पानी की स्थिति, आने-जाने के रास्ते, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल और अस्थाई शौचालय जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। मौके पर अग्निमित्रा पॉल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ के दौरान किसी भी भक्त को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जाए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ाने और आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा गया। इस दौरान नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने बताया कि निगम की ओर से सभी घाटों की सफाई, कचरा उठाने, प्रकाश और पानी की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा को लेकर पूरी तैयारी का आश्वासन दिया। प्रशासन और पुलिस समन्वित रूप से काम कर रहे हैं, ताकि सभी छठ व्रती सुरक्षित और निर्विघ्न रूप से छठ पूजा संपन्न कर सकें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News