

सांकतोड़िया : राज्य प्रशासन और केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम के बीच समन्वय को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अध्यक्ष सह प्रबंधन निदेशक (सीएमडी) सतीश झा ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक (डीजीपी) पीयूष पाण्डेय, आईपीएस के साथ बैठक की। सीएमडी ने सबसे पहले फूलों के गुलदस्ता देकर डीजीपी को सम्मानित किया। बैठक में ईसीएल से जुड़े सुरक्षा प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, कोयला उत्पादन, परिसंपत्ति संरक्षण तथा प्रशासनिक सहयोग को लेकर चर्चा की गई। मालूम हो कि ईसीएल में आए दिन सुरक्षा गार्डों एवं निरीक्षकों पर हमले हो रहे हैं जिस कारण सुरक्षा गार्डों के बीच असंतोष की भावना पनपने लगी है। उच्चस्तरीय इस बैठक में ईसीएल से जुड़े सुरक्षा प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, कोयला उत्पादन, परिसंपत्ति संरक्षण तथा प्रशासनिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पूरी बातचीत सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में संपन्न हुई। डीजीपी पीयूष पाण्डेय ने ईसीएल के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य की ऊर्जा आपूर्ति और औद्योगिक विकास में कंपनी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस एवं राज्य प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग और निरंतर समर्थन का स्पष्ट आश्वासन दिया। ईसीएल सीएमडी सतीश झा ने राज्य प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सुदृढ़ प्रशासनिक-पुलिस समन्वय से न केवल कंपनी का संचालन निर्बाध रहता है, बल्कि श्रमिकों की सुरक्षा और औद्योगिक शांति भी सुनिश्चित होती है। यह मुलाकात इस बात का संकेत है कि ईसीएल और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच संस्थागत तालमेल और अधिक मजबूत होगा, जिससे आने वाले समय में सुरक्षित खनन, बेहतर प्रशासन और निरंतर उत्पादन वृद्धि को गति मिलेगी। यह संवाद राज्य और केंद्रीय उपक्रमों के बीच भरोसे, सहयोग और साझा विकास की मजबूत बुनियाद रखता है।