ट्रांसजेंडर कल्याण, आवारा कुत्तों का टीकाकरण और गौशाला निर्माण पर होने वाला कार्यों को लेकर बैठक

आसनसोल नगर निगम में तीन बड़ी पहल पर हुई बैठक / मंत्री अग्निमित्रा पॉल की पहल पर शुरू होगी कार्रवाई
निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा एवं अन्य अधिकारी
निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा एवं अन्य अधिकारी
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम में बुधवार को तीन महत्वपूर्ण पहल को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के पुनर्वास और कल्याण, आवारा कुत्तों के लिए नसबंदी और टीकाकरण कार्यक्रम, और आसनसोल में गौशाला की स्थापना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इन तीनों विषयों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए उचित उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक का उद्देश्य शहर में सामाजिक कल्याण, जन सुरक्षा और पशु कल्याण को बढ़ावा देना था। ट्रांसजेंडर व्यक्तियों का पुनर्वास और कल्याण : बैठक में सबसे पहले ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के पुनर्वास और कल्याण पर चर्चा हुई। शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल की 'बृहन्नला ब्रिगेड' पहल के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक रोजगार देने की योजना पर मंथन किया गया। निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को ट्रैफिक जागरूकता अभियान और नगर निगम के कर वसूली कार्य में प्रशिक्षण देकर जोड़ा जाएगा। उन्हें प्रशिक्षण के साथ मानदेय भी मिलेगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकें।

आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण: दूसरे मुद्दे के रूप में शहर में बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या और उनसे जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि आवारा कुत्तों की प्रभावी जनसंख्या प्रबंधन और जन स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नसबंदी और टीकाकरण कार्यक्रम लागू किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी वैज्ञानिक तरीके से नसबंदी की जाएगी और रेबीज सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा।

आसनसोल में गौशाला की स्थापना : तीसरे महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में आसनसोल में गौशाला की स्थापना पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि शहर की सड़कों पर घूमने वाली आवारा गायों की वजह से यातायात में बाधा और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। गौशाला बनने से इन गायों की देखभाल, सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित होगा।गौशाला में गायों के लिए चारा, पानी, चिकित्सा सुविधा और रहने की उचित व्यवस्था की जाएगी। इससे सड़कों पर आवारा गायों की समस्या भी कम होगी और शहर का यातायात भी सुचारू होगा।

तीनों पहल पर जल्द शुरू होगा काम : बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि तीनों पहल सामाजिक कल्याण, जन सुरक्षा और पशु कल्याण से जुड़ी हैं। इसलिए इन पर जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभागवार जिम्मेदारी तय की गई और आगे की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News