

आसनसोल : आसनसोल राहा लेन स्थित तृणमूल कार्यालय में एसआईआर को लेकर एक जरूरी बैठक की गई। गौरतलब है कि एसआईआर को लेकर पश्चिम बर्दवान जिले के सभी इलाकों में बीएलओ द्वारा फॉर्म वितरण किया जा रहा है और फॉर्म भरवाया जा रहा है, जहां कई लोगों को समस्या भी आ रही है। इसी क्रम में इस अवसर पर तृणमूल के सभी वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि एक तरफ केंद्र में भाजपा की सरकार है जो लगातार लोगों को परेशान कर रही है। पहले नोटबंदी और अब एसआईआर हो रहा है ताकि बंगाल में तृणमूल चुनाव नहीं जीत सके। वहीं बंगाल के लोगों को इस तरह से परेशान कर कोई फायदा नहीं होगा कारण यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार चल रही है जो लोगों के लिए जनकल्याणकारी कार्य कर रही है। मौके पर मंत्री मलय घटक ने बताया कि सिलीगुड़ी से मुख्यमंत्री ने वर्चुअल तरीके से घोषणा की है कि इस जिले में पिछले 6 महीने में भारी बारिश की वजह से जिन 201 लोगों के घर पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं, उनमें से हर एक पीड़ित को 1,20,000 रुपये और जिनके घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें 70,000 रुपये करके दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि एक तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं जो लोगों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। दूसरी तरफ केंद्र की भाजपा सरकार है जो सिर्फ लोगों को परेशान करना जानती है। इस मौके पर मंत्री मलय घटक, मंत्री प्रदीप मजूमदार, तृणमूल जिला अध्यक्ष नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती, तृणमूल जिला चेयरमैन हरेराम सिंह, पश्चिम बर्दवान जिला परिषद सभाधिपति विश्वनाथ बाउड़ी के अलावा पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।