दुबेश्वरी कोलियरी में कोयला उत्पादन बढ़ाने का मास्टर प्लान डिपिलरिंग ऑपरेशन पर ECL का जोर

ईसीएल के तकनीकी निदेशक (संचालन) चितरंजन कुमार ने सोमवार को सोदपुर एरिया अंतर्गत दुबेश्वरी कोलियरी का दौरा किया
निरीक्षण करते ईसीएल के डीटी
निरीक्षण करते ईसीएल के डीटी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

सांकतोड़िया : ईसीएल प्रबंधन ने भूमिगत खदानों में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में ईसीएल के तकनीकी निदेशक (संचालन) चितरंजन कुमार ने सोमवार को सोदपुर एरिया अंतर्गत दुबेश्वरी कोलियरी का दौरा कर खनन गतिविधियों, उत्पादन व्यवस्था और भविष्य की माइनिंग रणनीति की विस्तृत समीक्षा की। मौके पर सोदपुर एरिया के महाप्रबंधक जेपी सिंह, परबेलिया ग्रुप ऑफ माइंस के जीएम सह एजेंट प्रमोद कुमार सिंह, ईसीएल के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा एमडीओ कंपनी IMPPL के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निदेशक चितरंजन कुमार ने अधिकारियों के साथ खदान की मौजूदा परिचालन स्थिति पर चर्चा की और उत्पादन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान वर्तमान उत्पादन व्यवस्था, माइन प्लानिंग, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग और आने वाले समय में खनन गतिविधियों को किस प्रकार अधिक प्रभावी बनाया जाए, इस पर विशेष विचार-विमर्श किया गया।

कोल डिपो क्लीयरेंस में तेजी लाने पर विशेष जोर

चितरंजन कुमार ने कोलियरी के सरफेस कन्वेयर बेल्ट, कोल डिपो और सैंड बंकर का निरीक्षण किया। उन्होंने कोयले के परिवहन और डिपो में जमा कोयले की निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए कोल डिपो क्लीयरेंस में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।

डिपिलरिंग ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी पर फोकस

दुबेश्वरी कोलियरी में डिपिलरिंग ऑपरेशन शुरू करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया, कहा कि भूमिगत कोयला खदानों में डिपिलरिंग एक महत्वपूर्ण खनन प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से निर्धारित माइनिंग प्लान और सुरक्षा मानकों के तहत छोड़े गए कोयला स्तंभों से कोयला निकाला जाता है। हालांकि, इस प्रक्रिया में खदान की भू-तकनीकी स्थिति, छत एवं दीवारों की स्थिरता, वेंटिलेशन और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखना आवश्यक होता है। ऐसे में डिपिलरिंग ऑपरेशन शुरू करने से पहले सभी जरूरी तकनीकी तैयारियां और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

सैंड और बॉटम ऐश की उपलब्धता को बताया जरूरी

खदान में निर्बाध माइनिंग ऑपरेशन बनाए रखने के लिए सैंड और बॉटम ऐश की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सैंड बंकर का निरीक्षण कर इसकी व्यवस्था की जानकारी ली।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News