बर्नपुर मिनी मार्केट -2 के कागज गोदाम में लगी भीषण आग

इलाके में मची अफरा-तफरी
कागज  गोदाम में लगी भीषण आग
कागज गोदाम में लगी भीषण आग
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : हीरापुर थाना अंतर्गत बर्नपुर मिनी मार्केट -2 के बस स्टैंड के पीछे स्थित शनिवार सुबह कागज के रद्दी गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। गोदाम के पास ही प्रेम नगर की झुग्गी बस्ती और छोटा बाजार होने के कारण स्थानीय लोग किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से चिंतित हो उठे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने गोदाम का शटर तोड़कर अंदर लगी आग पर पानी डालना शुरू किया। हालांकि, गोदाम में बड़ी मात्रा में कागज और रद्दी का सामान जमा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने हीरापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

क्या कहना है स्थानीय लोगों का :

स्थानीय लोगों का कहना है कि बर्नपुर मिनी मार्केट-2 का इलाका काफी घना है। यहां आसपास दुकानें, बाजार और झुग्गी बस्ती होने के कारण आग फैलने की आशंका से लोग काफी भयभीत थे। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के अन्य हिस्से भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग की कार्रवाई से टली बड़ी अनहोनी : घटना के दौरान स्थानीय दुकानदार सहित दुकान के मालिक तारक शंकर बोस ने कहा कि लोगों की भूमिका सराहनीय रही। आग लगने की खबर फैलते ही इलाके के लोग घटनास्थल पर जुट गए और स्थिति को संभालने में सहयोग किया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। गोदाम में रखे कागज और रद्दी के सामान को हुए नुकसान का भी आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in