

मिदनापुर : पश्चिम मिदनापुर जिले के दासपुर थाना इलाके में सोमवार की देर रात को एक मारुति कार ने सामने जा रहे एक डम्फर के पीछे जाकर टकरा गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक को रात को ही कोलकाता रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों से घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले छह लोग कोलकाता में रहकर कैटरिंग का काम करते हैं। वह छह लोग घाटाल में कैटरिंग का काम करने आए थे और काम समाप्त होने के बाद सोमवार की रात को तकरीबन एक बजे के समय एक मारुति से वापस कोलकाता जा रहे थे। घाटाल पांशकुड़ा राज्य सड़क पर दासपुर के जलालपुर के समीप उनकी मारुति कार सामने जा रहे एक डम्फर के पीछे जाकर टकरा गई। जिसके कारण कार के ड्राइवर समेत सभी छह लोग बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को घाटाल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां पर मनोज यादव (45) नामक एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया तथा अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनमें से एक ही हालत ज्यादा खराब होने के कारण सोमवार की रात को ही उसे कोलकाता रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बारे में जानकारी मिलने पर दासपुर थाने की पुलिस ने जाकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक व घायलों के घरवालों को भी सूचित किया गया है।