

अंडाल : फरीदपुर (लावदोहा) थाना व ईसीएल के झांझरा क्षेत्र अंतर्गत झांझरा एमआईसी प्रोजेक्ट में चोरों के बढ़ता उपद्रव प्रबंधन के लिए चिंता का सबब बन गया है। आये दिनों चोरों का दल उक्त प्रोजेक्ट में घुसकर केबल व स्क्रैप लूट की घटना को अंजाम देने के फिराक में रहते है। बीते 10 दिनों के अंदर यहां केबल चोरी की 2 घटनाएं घट चुकी हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात एमआईसी प्रोजेक्ट स्थित नवनिर्मित सब-स्टेशन (पावर हाउस) से केबल चोरी की घटना घटी है। रविवार को मामला सामने आते ही प्रबंधन में हलचल मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को देने के साथ-साथ प्रबंधन विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले बीते 9 तारीख की रात एमआईसी कैंपस में स्थित जेएमएस माइनिंग नामक एक प्राइवेट कंपनी के वर्कशॉप से कंटीन्यूअस माइनर -1 की करीब 100 मीटर केबल दोनों छोर में लगे प्लग समेत चोरी होने का दावा उक्त कंपनी के पदाधिकारी ने की है। जेएमएस माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के सीएम -1 के प्रोजेक्ट मैनेजर निरंजन प्रसाद ने फरीदपुर थाना में इस बावत प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि ईसीएल के सुरक्षा विभाग का दावा है कि उक्त सीएम वर्कशॉप की सुरक्षा की जिम्मेवारी खुद जेएमएस प्रबंधन की है। वर्कशॉप की सुरक्षा के लिए ईसीएल के सुरक्षा कर्मी वहां तैनात नहीं रहते।
बीते माह सुरक्षा कर्मियों ने केबल लूट के प्रयास को किया था विफल
बीते 26 अक्टूबर की रात एक दर्जन से अधिक चोरों के दल ने एमआईसी प्रोजेक्ट कैंपस में घुसकर केबल व स्क्रैप लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया था। उस वक्त झांझरा की सिक्योरिटी टीम की सजगता से चोरों के दल अपने मंसूबे में विफल हुए थे। इस क्रम में चोर 3 मोटर साइकिल एमआईसी की चहारदीवारी से सटे जंगल में छोड़ फरार हुए थे। सुरक्षा कर्मियों ने तीनों मोटर साइकिल फरीदपुर थाना को सौंपने के साथ-साथ घटना की लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।