सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता से मिले ममता समर्थक तृणमूल के नेता

सांसद प्रतिमा मंडल और पूर्व मंत्री बीरबाहा हांसदा ने की निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस पर परिवार से सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का भी लगाया आरोप
सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता से मिले ममता समर्थक तृणमूल के नेता
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : आदिवासी नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर शुक्रवार को ममता समर्थक तृणमूल कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल काशीपुर थाना पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और पीड़िता के पिता से मुलाकात कर परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रतिनिधिमंडल में जयनगर की सांसद प्रतिमा मंडल, पूर्व मंत्री बीरबाहा हांसदा, सुजय बंद्योपाध्याय समेत ममता समर्थक तृणमूल कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे। इस दौरान सांसद प्रतिमा मंडल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले में अब तक छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य की भाजपा सरकार को घेरते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन वर्तमान में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने एनकाउंटर के जरिए जांच की वास्तविक प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई। साथ ही महिला पुलिस बल को और सक्रिय करने तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पलाइन शुरू करने की मांग की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News