

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : दुर्गापुर इस्पात संयंत्र में कार्यरत हजारों संविदा श्रमिकों के वर्षों लंबे संघर्ष को एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता मिली है। आसनसोल के क्षेत्रीय श्रम आयुक्त शितांशु ताये ने नई श्रम संहिता और संविदा श्रमिकों के नए वेतन समझौते को धरातल पर लागू करने की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस महत्वपूर्ण फैसले से औद्योगिक क्षेत्र के ठेका मजदूरों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस संबंध में जारी कार्यान्वयन आदेश की औपचारिक प्रति क्षेत्रीय श्रम आयुक्त शितांशु ताये द्वारा एचएसडब्ल्यूयू एवं इंटक की डीएसपी इकाई के पदाधिकारियों को सौंपी गई। आदेश की प्रति प्राप्त करने वाले प्रतिनिधिमंडल में एचएसडब्ल्यूयू इंटक डीएसपी इकाई के संयुक्त सचिव सह संयोजक रजत दीक्षित और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिलन कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे।
इस अवसर पर क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने यूनियन नेताओं को स्पष्ट आश्वासन दिया कि दुर्गापुर इस्पात संयंत्र में कार्यरत सभी संविदा श्रमिकों के लिए संशोधित वेतन दरों को बिना किसी विलंब के लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आदेश की आधिकारिक प्रति तत्काल आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए दुर्गापुर इस्पात संयंत्र प्रबंधन को भी भेज दी गई है।
यूनियन नेताओं ने इस उपलब्धि को एचएसडब्ल्यूयू, इंटक और ठेकेदार मजदूर कांग्रेस के निरंतर प्रयासों तथा संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया है। संगठन की माने तो यह फैसला संविदा श्रमिकों के अधिकारों और उनके आर्थिक कल्याण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा, जिसके लिए यूनियन लंबे समय से संघर्षरत थी।