

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : दुर्गा पूजा और दीपावली के त्योहारी सीजन के बीच शहर में खाने-पीने की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का फूड सेफ्टी विभाग अब एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को फूड सेफ्टी विभाग और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की एन्फोर्समेंट ब्रांच की संयुक्त टीम ने गोपालपुर के एक नामी होटल में अचानक छापा मारा। इस छापेमारी का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर सुकृति मुखर्जी ने किया। टीम के होटल पहुंचते ही हड़कंप मच गया। करीब एक घंटे तक चली सघन जांच में किचन से लेकर स्टोर रूम तक की बारीकी से तलाशी ली गई।
जांच में मिली कई गंभीर खामियां
जांच के दौरान टीम को हाइजीन और साफ-सफाई में भारी लापरवाही मिली। मौके पर फूड सेफ्टी ऑफिसर आसनसोल सुकृति मुखर्जी ने बताया कि होटल की रसोई में नाली जाम पाई गई, जिससे गंदा पानी जमा था। इससे खाने में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। स्टोर में रखे दही, दूध और सॉस एक्सपायर मिले। अधिकारियों ने सभी एक्सपायरी सामान को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अलावा कई पके हुए और कच्चे फूड आइटम खुले में रखे हुए थे, बिना ढके। इस पर अधिकारियों ने कड़ी फटकार लगाते हुए सभी सामान को ढक कर रखने का निर्देश दिया। होटल प्रबंधन के पास FSSAI लाइसेंस तो वैध मिला, लेकिन पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और किचन स्टाफ के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट 6 महीने से ज्यादा पुराने पाए गए। नियम के अनुसार इन सभी दस्तावेजों को हर 6 महीने में रिन्यू कराना अनिवार्य होता है। अधिकारी ने क्या कहा? इस बारे में फूड सेफ्टी ऑफिसर सुकृति मुखर्जी ने कहा कि फूड सेफ्टी और पुलिस की एन्फोर्समेंट टीम के साथ रूटीन इंस्पेक्शन पर आए थे। यहां हाइजीन की काफी समस्या है, नाली जाम है। दही, दूध, सॉस जैसे दो-तीन आइटम एक्सपायर मिले हैं, जिन्हें हमने मौके पर ही डिस्ट्रॉय करवा दिया। हमने उन्हें निर्देश दिया है कि सामान खरीदते वक्त FSSAI नंबर और एक्सपायरी डेट जरूर देखें। उन्होंने आगे बताया कि फूड सेफ्टी एक्ट में मौके पर जुर्माना लगाने का प्रावधान नहीं है, इसलिए होटल को नोटिस जारी किया गया है। अधिकारी ने चेतावनी दी कि तय समय के भीतर सुधार नहीं होने पर रिपोर्ट हायर अथॉरिटी को भेजी जाएगी, जिसके बाद होटल के खिलाफ मामला दर्ज कर लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। इस मौके पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की एन्फोर्समेंट ब्रांच के लोकेश दास, संजीब मिश्रा, तोफेल अहमद खान सहित अन्य लोग मौजूद थे।