

दुर्गापुर : कांकसा थाना की पुलिस ने अजय नदी से अवैध रूप से बालू (रेत) निकालकर तस्करी करने के आरोप में जाठगड़िया इलाके से शेख हिरण मंडल को गिरफ्तार करके अनुमंडल अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद पुलिस की अर्जी पर अभियुक्त को रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। अभियुक्त पर लंबे समय से बालू का अवैध भंडारण करने और तस्करी रैकेट चलाने का आरोप है। इस संदर्भ में पुलिस ने बताया कि किरण अवैध बालू कारोबार के जरिए अकूत संपत्ति कमाकर इलाके में काफी प्रभावशाली और रसूखदार बन गया है। आरोप है कि किरण अपने स्वामित्व वाले कई ट्रैक्टरों के जरिए विदविहार से सटी अजय नदी से अवैध रूप से बालू उठाता था और उसे जिले के विभिन्न हिस्सों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। इलाके के लोगों ने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कई बार प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि वर्तमान में राज्य भर में अवैध कारोबारों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े प्रशासनिक अभियान के बीच पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त हिरण ने अवैध बालू कारोबार के जरिए करोड़ों की संपत्ति बनाई है। इलाके में अवैध बालू कारोबार के लिए सिंडिकेट भी बनाया गया है। भाजपा नेता संदीप घोष की हत्या में भी हिरण को अभियुक्त बनाया गया है। वहीं संदीप घोष हत्याकांड को लेकर सीबीआई जांच की मांग की गई है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद संदीप की हत्या में शामिल अभियुक्तों को बार-बार अपना ठिकाना बदलना पड़ रहा है।