

बर्नपुर : बर्नपुर मिड-टाउन क्लब के संचालन को लेकर हुए एक बड़े निर्णय से बर्नपुर में हलचल मच गयी है। बता दें कि गत दिनों क्लब संचालन व अन्य गतिविधियों को लेकर मिनट्स ऑफ मीटिंग का आयोजन किया गया था। इस मीटिंग में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गयी। इस बैठक में पूर्व में गठित जांच समिति ने इस मीटिंग में अपनी रिपोर्ट रखी। बता दें कि क्लब के जेनरल सेक्रेटरी पर कई गंभीर आरोप लगाये गये थे। उन आरोपों की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया था। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि जांच समिति ने क्लब के जनरल सेक्रेटरी पर लगाए गए सभी आरोपों को सही पाया। वहीं 30 जून को बर्नपुर मिड-टाउन क्लब के प्रशासक पवन कुमार सिंह ने एक पत्र जारी कर बर्नपुर मिड-टाउन क्लब के जेनरल सेक्रेटरी श्रीकांत प्रसाद साह की क्लब की सदस्यता तत्काल समाप्त कर क्लब के सभी रिकॉर्ड सौंपने का निर्देश जारी कर दिया है। सूत्रों के अनुसार बर्नपुर मिड-टाउन क्लब के नियमों और उनमें किए गए संशोधनों के अनुसार, क्लब से जेनरल सेक्रेटरी श्रीकांत प्रसाद साह की सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। प्रशासक द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि श्रीकांत प्रसाद साह अब किसी भी चुनाव में खड़े होने या वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल करने या सदस्य के तौर पर क्लब की किसी भी गतिविधि में भाग लेने या उससे जुड़े रहने के योग्य नहीं रहेंगे। साथ ही निर्देश दिया गया है कि उनके पास मौजूद क्लब से संबंधित सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य सामग्री, साथ ही पदाधिकारी के तौर पर उनके कार्यकाल की पूरी अवधि के बैंक स्टेटमेंट और ऑडिट किए गए खाते को नोटिस के सात दिनों के अंदर गवर्निंग कमेटी के चेयरमैन को सौंप दें।
महासचिव ने लगाये गंभीर आरोप
इस संबंध में श्रीकांत प्रसाद साह ने कहा कि उन्हें साजिश करके हटाया गया, कारण बर्नपुर मिड-टाउन क्लब का चुनाव होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बर्नपुर मिड-टाउन क्लब के संचालन करने वाले यूनियन के प्रतिनिधि द्वारा षड्यंत्र कर उन्हें हटाया गया, कारण वे 6 वर्ष से इस पद पर रहकर कार्य को सही तरह से कर रहे थे। अभी सामने चुनाव है तो यूनियन मैनेजमेंट से मिलकर यह कार्य कर रहा है जो काफी निंदनीय है। वे कुछ अन्य पहलुओं पर विचार कर रहे हैं।