

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में दुर्गापुर से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम सोनू मंडल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस पर जामताड़ा गैंग के साथ मिलकर दुर्गापुर में एक बड़ा साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क चलाने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि टाउनशिप इलाके में रहने वाला सोनू पैसों का लालच देकर कई युवाओं और युवतियों को इस गिरोह में शामिल करता था। इसके बाद उनके जरिए साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता था। गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को प्रांतिका पुलिस फांड़ी ने सोनू के घर पर छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान उसके घर से कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जब्त किए गए हैं। सोमवार को जब अभियुक्त को दुर्गापुर सब-डिविजनल अदालत में पेश किया गया, तो जज ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब इस पूरे गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।