

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल महावीर स्थान मंदिर सार्वजनीन दुर्गा पूजा महावीर अखाड़ा समिति की तरफ से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। साथ ही दुर्गापूजा को लेकर विधि-विधान के साथ खूंटी पूजन का भी आयोजन किया गया। बता दें कि तिरंगा यात्रा आसनसोल जीटी रोड से शुरू होकर राहा लेन होते हुए हटन रोड मोड़ तक पहुंची और इसके बाद महावीर स्थान पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। कमेटी की ओर से बताया गया कि इस वर्ष महावीर अखाड़ा के लिए आयोजन और भी विशेष है, कारण अखाड़ा अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है। शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए आने वाले दिनों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कहा कि तिरंगा यात्रा की एक खास बात यह रही कि महावीर अखाड़ा कमेटी के सदस्य और मंत्री सदस्य एक जैसी वेशभूषा में नजर आए। इस मौके पर समाजसेवी कृष्णा प्रसाद सार्वजनीन दुर्गा पूजा महावीर अखाड़ा समिति के अध्यक्ष सोमनाथ गोराई, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र पसारी, सचिव अरविंद साव, कोषाध्यक्ष विवेक प्रसाद बर्णवाल, अकिंत खेतान, राजीव सिंह, अरुण अग्रवाल, विवेक बर्णवाल, दीपक भगत, भुवनेश्वर भगत, सुरेंद्र बर्णवाल, प्रदीप बर्णवाल सहित 300 से ज्यादा लोग मौजूद थे।