

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : सड़क किनारे दुकान लगाने वाले हॉकर्स और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल शुरू की है। नगर एवं शहरी विकास विभाग की ओर से हॉकर्स को न सिर्फ पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण दिलाया जाएगा, बल्कि उन्हें आधुनिक कियोस्क और ई-कार्ट भी दिए जाएंगे। आसनसोल नगर निगम में आयोजित बैठक के बाद राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधायकों के साथ विस्तार से चर्चा हुई है।
सड़क का एक-तिहाई हिस्सा हॉकर्स को, दो-तिहाई पैदल यात्रियों को : मंत्री ने बताया कि बैठक में सड़कों की जगह के इस्तेमाल को लेकर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव के अनुसार सड़क किनारे की कुल जगह में से एक-तिहाई जगह हॉकर्स के लिए और शेष दो-तिहाई जगह पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए रखी जाएगी।।उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की जबरदस्ती नहीं की जाएगी और अतिक्रमण हटाने के नाम पर हॉकर्स को परेशान नहीं किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य हॉकर्स को व्यवस्थित करना है, उन्हें उजाड़ना नहीं। 10 हजार से 50 हजार तक मिलेगा ऋण अग्निमित्रा पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री पीएम स्वनिधि योजना के तहत हॉकर्स को 10 हजार, 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इस ऋण के माध्यम से वे अपने कारोबार का विस्तार कर सकेंगे और आर्थिक रूप से मजबूत हो सकेंगे। इसके साथ ही नगर एवं शहरी विकास विभाग की पहल पर हॉकर्स के लिए आकर्षक और कस्टमाइज्ड ई-कार्ट या कियोस्क उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इससे उनका कारोबार और अधिक व्यवस्थित और आकर्षक लगेगा। इसके अलावा टोटो को भी स्टॉल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।