पूर्व TMC विधायक के गोदाम में मिली भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री

गेस्ट हाउस के आलीशान शयनकक्ष से मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
पूर्व विधायक के गोदाम से बरामद राहत सामग्री, तिरपाल एवं कंबल
पूर्व विधायक के गोदाम से बरामद राहत सामग्री, तिरपाल एवं कंबल
Published on

पांडवेश्वर : पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के ठिकानों पर स्थानीय ग्रामीणों के आक्रोश के बाद एक बड़ा खुलासा हुआ है। बंकोला सुभाष कॉलोनी स्थित उनके आवास से सटे गोदाम से गरीबों के लिए आवंटित भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री पाई गई है। वहीं, पास स्थित ईसीएल के एक गेस्ट हाउस से मिले आलीशान शयनकक्ष (लक्जरी बेडरूम) और वहां से मिली आपत्तिजनक सामग्रियों के बाद इलाके में भारी राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। बढ़ते तनाव को देखते हुए अंडाल थाना की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने मौके पर पहुंचकर गोदाम को सील कर दिया है।

सरकारी राहत सामग्रियों के स्टॉक पर लोगों ने खड़े किये सवाल

शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पूर्व विधायक के आवास के पास जमा हुए और जबरन गोदाम के भीतर दाखिल हो गए। गोदाम के अंदर का नजारा देखकर लोग दंग रह गए। कमरों में गरीबों के लिए आईं हजारों की संख्या में तिरपाल, मच्छरदानियां, साड़ियां, लुंगी, कंबल, बच्चों के पोशाक आदि धूल खा रहे थे। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सामान होने के बावजूद इसे जरूरतमंदों में क्यों नहीं बांटा गया ? क्या इन सामग्रियों को किसी गुप्त नेटवर्क के जरिए तस्करी करने की योजना थी ?

रिटायर ईसीएल कर्मियों का गेस्ट हाउस या अय्याशी का अड्डा !

बांकोलेश्वरी मंदिर के पीछे रिटायर ईसीएल कर्मियों के लिए एक गेस्ट हाउस स्थित है जिसका उद्घाटन 29 फरवरी 2024 को ईसीएल के तत्कालीन CMD समीरण दत्ता ने किया था। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस सरकारी गेस्ट हाउस पर पूर्व विधायक ने लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। वहीं जब आक्रोशित ग्रामीण इस गेस्ट हाउस के भीतर घुसे तो वहां उन्हें एक बेहद सुसज्जित और आलीशान शयनकक्ष मिला। जांच करने पर वहां लगे ड्रायर से भारी मात्रा में आपत्तिजनक वस्तुओं के पैकेट बरामद हुए। स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा है कि क्या पूर्व विधायक ने इस सरकारी गेस्ट हाउस को अपनी 'अय्याशी का अड्डा' बना रखा था ? वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ता आसिफ इकबाल ने कहा, "नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इलाके में आतंक का माहौल बना रखा था। साल 2021 के चुनाव में खुद को 'घर का बेटा' बताकर वोट मांगने वाले चक्रवर्ती की इस करतूत से आज पूरा इलाका स्तब्ध है। गरीबों का हक मारकर राहत सामग्री को अवैध रूप से जमा करके रखा गया था। गेस्ट हाउस के अंदर का नजारा चौकाने वाला था। "

तृणमूल का मतलब 'चोर' : अग्निमित्रा पाल

महिला, बाल एवं समाज कल्याण तथा नगर विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल ने इस घटनाक्रम पर कहा, "तृणमूल का मतलब ही 'चोर' है और नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती उसी दल का हिस्सा हैं। ममता बनर्जी पार्टी की नीतियों और आदर्शों की बड़ी-बड़ी बातें करती हैं, लेकिन उनकी ही पार्टी के नेताओं के गोदामों से गरीबों के कंबल और तिरपाल चोरी के मिल रहे हैं।"

'चरित्र हनन की साजिश' : नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती

चौतरफा घिरे पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक राजनीतिक साजिश करार दिया है। नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा, "यह पूरी तरह से मेरा चरित्र हनन करने की एक सोची-समझी साजिश है। जिस स्थान पर मैंने मां कपालमालिनी, संकटमोचन और भोलेनाथ के मंदिर की स्थापना की है, ठीक उसके पास जानबूझकर कुछ चीजें रखकर मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। भगवान इसका इंसाफ करेंगे और पांडवेश्वर की जनता इसका फैसला करेगी।"

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in