कोलकाता EB और आसनसोल EB की टीम ने बर्नपुर बाजार में चलाया जांच अभियान

सब्जी-नॉन वेज और फलों के रेट की हुई जांच
जानकारी लेते EB अधिकारी
जानकारी लेते EB अधिकारी
Published on

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : बढ़ती महंगाई और बाजार में अधिक दाम वसूलने की शिकायतों के बाद शुक्रवार को कोलकाता इनफोर्समेंट ब्रांच (EB) और आसनसोल EB की संयुक्त टीम ने बर्नपुर बाजार में औचक जांच अभियान चलाया। टीम ने सब्जी, फल, अंडा, चिकन-मटन और मछली के थोक और खुदरा दामों की बारीकी से जांच की। गौरतलब है कि EB की टीम को शुक्रवार बर्नपुर बाजार में घूमता देख दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जैसे ही टीम के बाजार में पहुंचने की खबर फैली, कई दुकानदारों ने अपने ठेले-खोमचे बंद कर दिए, तो कई दुकानों पर आनन-फानन में रेट लिस्ट टांगने लगे। वहीं जांच के दौरान EB अधिकारियों ने दुकानदारों से रेट लिस्ट मांगी और तय थोक-खुदरा रेट में कितना अंतर है, इसका मिलान किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि तय मुनाफे से अधिक दाम वसूलने वालों पर कार्रवाई होगी।

जांच में जो रेट लिस्ट सामने आई, उसके अनुसार - सब्जी : ज्योति आलू 10/12 रु., चंद्रमुखी आलू 19/22 रु., प्याज (नासिक) 53/60 रु., टमाटर 32/40 रु., बैंगन 50/60 रु., भिंडी, परवल, करेला 35/40 रु. किलो, हरी मिर्च 50/60 रु., अदरक 140/160 रु., लहसुन 160/170 रु. किलो मिला। फल : केला 45/50 रु., पपीता 50/60 रु., सेब 120/140 रु., मौसंबी 45/50 रु. किलो। नॉनवेज : अंडा 7 / 7.50 रु. पीस, चिकन 202/220 रु., मटन 760/800 रु., कतला मछली 200/220 रु. और रोहऊ मछली 165/180 रु. किलो के भाव से बिकता पाया गया। राशन : चावल 36/38 रु., आटा 34/38 रु., चीनी 54/55 रु. और मसूर दाल 175/180 रु. किलो।

क्या कहा EB अधिकारी ने

EB अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मकसद जमाखोरी रोकना और आम लोगों को सही दाम पर सामान मिले यह सुनिश्चित करना है। कुछ दुकानों में रेट बोर्ड नहीं लगा होने पर उन्हें तुरंत बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में त्योहारों को देखते हुए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस मौके पर कोलकाता EB वेस्ट बंगाल इंस्पेक्टर सुजीत हालदार, एसआई तरुण हालदार, बैद्यनाथ नस्कर, आसनसोल EB के एसआई लोकेश दास, तोफेल अहमद खान सहित हीरापुर थाना की पुलिस मौजूद थीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in