

बांकुड़ा : क्षेत्र में बहने वाली शीलावती नदी के आंचल को छलनी कर रहे बालू तस्करों के खिलाफ सिमलापाल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, मौके से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर और चार थ्री-व्हीलर इंजन वैन को जब्त किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में सव्यसाची पाठक, सौरव मंडल, शेख अब्दुल मन्नान, शेख अजीजुल हुसैन, सेराजुल मोल्ला, साबिर अली मोल्ला और जान मोहम्मद शेख शामिल है।
घेराबंदी देख भागने लगे तस्कर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शीलावती नदी के किनारे 'निबेदिता पल्ली' क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उत्खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना की पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस बल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ लोग अवैध रूप से ट्रैक्टरों में बालू लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। हालांकि, पुलिस जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए Hot Chase कर छह अभियुक्तों को मौके पर ही दबोच लिया। बाद में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एक अन्य अभियुक्त को मोराम रोड से गिरफ्तार किया गया।
नहीं दिखा सके वैध दस्तावेज
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अभियुक्तों ने बालू खनन या परिवहन से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या चालान पेश नहीं कर सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कृत्य 'माइन्स एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट, 1957' के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। जब्त किए गए बालू के नमूनों को कानूनी जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।