

पांडवेश्वर : दुर्गापुर-फरीदपुर (लावदोहा) ब्लॉक के जॉइंट बीडीओ संजय मंडल की कार में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस घटना से न केवल प्रशासनिक खेमे में हलचल मच गई है, बल्कि स्थानीय निवासियों में भी दहशत का माहौल है। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वाहन का भीतरी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 8:50 बजे की है। जॉइंट BDO संजय मंडल अपना आधिकारिक कार्य समाप्त कर जब गाड़ी के पास पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कार के भीतर से आग की लपटें उठ रही थीं। स्थानीय 5-7 लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन जब तक सफलता मिलती, तब तक कार का अंदरूनी हिस्सा खाक हो चुका था।
पेड़ के नीचे खड़ी थी कार
संजय मंडल ने बताया कि रविवार को लावदोहा में साप्ताहिक हाट (बाजार) होने और कैंप के कारण ब्लॉक कार्यालय परिसर में जगह कम थी। इसी वजह से उन्होंने अपनी गाड़ी पीएचई (PHE) कार्यालय के समीप एक पेड़ के नीचे अन्य वाहनों के साथ पार्क की थी। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख और आश्चर्य व्यक्त किया है। सूचना मिलते ही फरीदपुर थाना प्रभारी लक्ष्मीनारायण दे के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंच घटना की गहनतापूर्वक जांच शुरू कर दी।
शार्ट सर्किट या साजिश ? पुलिस कर रही है पड़ताल
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ACP (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास ने कहा कि प्रारंभिक जांच में कार के सभी दरवाजे बंद मिले हैं। आग से केवल भीतरी हिस्सा प्रभावित हुआ है, जिससे प्रथम दृष्टया यह बैटरी में शॉर्ट-सर्किट का मामला लग रहा है। यदि किसी ने आग बाहर से लगाई होती तो कार बाहरी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ होता। वहीं कार के बाहर के हिस्से में जलने के निशान नहीं है। हालांकि, सच्चाई का पता लगाने के लिए कार का मैकेनिकल टेस्ट कराया जाएगा और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी। शुरू हुआ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
घटना को लेकर लावदोहा ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष सत्दीप घटक ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की महत्वकांक्षी योजना 'युवा साथी' को लेकर आवेदनकारियों के सहयोग करने के लिए TMC की ओर से ब्लॉक ऑफिस के निकट कैंप लगाया गया है। रविवार रात वे लोग जब कैंप से चले गए तो असामाजिक तत्वों ने फ्लेक्स-बैनर फाड़ दिए। उन्होंने आशंका जताई कि जॉइंट BDO की कार में असामाजिक तत्वों ने ही आग लगाई होगी। भाजपा नेता श्रीदीप चक्रवर्ती ने घटना की जांच की मांग करते हुए कहा कि TMC के कैंप में जो घटना घटी है, उसकी जांच हो। राज्य सरकार ने युवाओं को रोजगार व नौकरी न देकर भत्ता देने का जो निर्णय लिया है, कहीं न कहीं युवाओं में राज्य सरकार के प्रति नाराजगी व्याप्त है। TMC के कैंप की घटना कहीं आमजन की नाराजगी का परिणाम तो नहीं। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं।